Terrorist attack : जब उड़ते विमान में हुआ छेद, गिरने लगे यात्री
![]() |
| 1986 में इसी विमान पर आतंकी हमला हुआ था। मरम्मत के बाद इसे फिर उतारा गया। |
https://uplive24.com/when-a-terrorist-attack-took-place-on-a-flying-plane/
2 अप्रैल 1986, विमानन इतिहास का एक काला अध्याय। यह वह दिन था जब अमेरिकी एयरलाइन TWA (Trans World Airlines) फ्लाइट 840 पर एक बम विस्फोट (Terrorist attack) हुआ, जिसने आसमान में तबाही मचा दी। रोम से काहिरा जा रहे इस विमान में सवार यात्रियों के लिए यह एक सामान्य उड़ान थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में यह सफर मौत का जाल बन गया।
विस्फोट जिसने विमान को हवा में हिला दिया
TWA फ्लाइट 840, बोइंग 727 विमान, 115 यात्रियों और 7 क्रू सदस्यों के साथ उड़ान पर था। यह विमान ग्रीस के ऊपर 11,000 फीट (3,350 मीटर) की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जब अचानक एक जबरदस्त धमाका हुआ। यह धमाका सीट 10F के नीचे रखे बम के फटने से हुआ था।
विस्फोट इतना ताकतवर था कि विमान के दाईं तरफ, विंग के ठीक सामने, 2 मीटर x 1 मीटर का एक बड़ा छेद हो गया। उस जगह पर बैठे यात्री अचानक हवा के तेज़ दबाव में विमान से बाहर गिरने लगे।
चार यात्री आसमान से गिरकर मौत के शिकार हुए
ब्लास्ट की वजह से विमान में बैठे चार यात्री बाहर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ये यात्री एक ही ग्रीक-अमेरिकी परिवार के थे - 61 वर्षीय ग्रीक-अमेरिकी दादी, उनकी बेटी और दामाद। सिर्फ 8 महीने की मासूम बच्ची।
बच्ची अपनी मां की गोद में थी, लेकिन धमाके की ताकत ने उसे भी विमान से बाहर खींच लिया। यह हादसा इतना भयावह था कि विमान में बैठे यात्रियों ने देखा कि उनके सहयात्री उनकी आंखों के सामने आसमान से गिर रहे हैं।
इसके अलावा, सात अन्य यात्री धमाके से घायल हो गए, जिनमें कई को छर्रों और विमान के टूटे हुए हिस्सों से गहरी चोटें आईं।
कैप्टन की सूझबूझ ने 118 यात्रियों की जान बचाई
विस्फोट के बाद भी विमान हवा में था, लेकिन स्थिति बेहद नाजुक थी। विमान किसी भी वक्त संतुलन खो सकता था। कैप्टन रिचर्ड 'पीट' पीटरसन और उनकी टीम ने तत्काल एथेंस कंट्रोल टॉवर से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
कैप्टन पीटरसन की सूझबूझ और बेहतरीन पायलटिंग स्किल्स की वजह से TWA फ्लाइट 840 को एथेंस हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। इस तरह, बाकी बचे 118 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बचा ली गई।
कौन था इस हमले के पीछे, जांच क्या कहती है?
इस Terrorist attack की जांच तुरंत शुरू हुई और जल्द ही लेबनान में जन्मी फिलिस्तीनी महिला, माई एलियास मंसूर को संदिग्ध के तौर पर पहचाना गया।
मंसूर, कुख्यात आतंकी संगठन अबू निदाल ग्रुप से जुड़ी थी। उसने पहले की उड़ान में सीट 10F पर सफर किया था, और शक था कि उसने वहीं बम प्लांट किया था।
यह वही आतंकी संगठन था जो 1983 में पैन एम (Pan American) फ्लाइट पर बमबारी (Terrorist attack) की साजिश में शामिल था।
हालांकि, मंसूर ने इन आरोपों से इनकार किया। अमेरिका की दो साल की लंबी जांच के बावजूद उसे दोषी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिल पाए।
बाद में, 'अरब रिवोल्यूशनरी सेल्स' नाम के एक संगठन ने इस Terrorist attack की ज़िम्मेदारी ली। उनका कहना था कि यह हमला अमेरिका के खिलाफ बदले की कार्रवाई थी, जो कि लीबिया के साथ चल रहे संघर्षों से जुड़ा हुआ था।
TWA एयरलाइन का क्या हुआ?
इस Terrorist attack के बाद भी बोइंग 727 विमान को मरम्मत के बाद दोबारा सेवा में लाया गया। लेकिन TWA एयरलाइन को आर्थिक झटके लगे और यह धीरे-धीरे कमजोर होती गई। 2001 में, TWA दिवालियापन में चली गई और बाद में अमेरिकन एयरलाइंस ने इसे खरीद लिया।
TWA फ्लाइट 840 पर हुआ यह हमला आज भी एक रहस्य बना हुआ है, क्योंकि किसी को भी आधिकारिक रूप से दोषी नहीं ठहराया गया।
हालांकि, यह हादसा हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बदलाव लाने में सफल रहा। इस घटना के बाद, दुनिया भर में हवाई अड्डों पर सुरक्षा मानकों को कड़ा किया गया और एयरलाइंस में बम-रोधी सुरक्षा उपायों को लागू किया गया।

Comments
Post a Comment